एक साल के इंतजार के बाद UCIL को मिला स्थायी तकनीकी निदेशक
देश के 22 परमाणु रिएक्टरों को यूरेनियम ईंधन आपूर्ति करने वाली कंपनी में तकनीकी नेतृत्व को मिली स्थिरता
राष्ट्र संवाद जादूगोड़ा
मंगलवार को हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के वरिष्ठ खनन विशेषज्ञ डॉ. सलिल कुमार नाग ने यूसील में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने यूसील के सीएमडी डॉ. कंपन आनंद राव से शिष्टाचार मुलाकात की तथा सभी महाप्रबंधकों एवं वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस अवसर पर डॉ. नाग ने कहा कि “यूसील सिर्फ एक कंपनी नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा की रीढ़ है। हम सभी मिलकर यूसील को बेहतर बनाएंगे, यही मेरी उम्मीद और संकल्प है। मेरा पहला लक्ष्य उत्पादन में बढ़ोतरी, कर्मचारियों को उनका हक दिलाना और आधुनिक तकनीक के माध्यम से यूसील को नई ऊंचाई पर ले जाना है। मैं सबकी सुनूंगा और सबको साथ लेकर चलूंगा।”
*28 साल का अनुभव, 10 दिग्गजों को पछाड़ा*
56 वर्षीय डॉ. नाग माइनिंग सेक्टर के अनुभवी और भरोसेमंद नाम हैं। उनके पास फील्ड माइनिंग और प्लानिंग का 28 वर्षों से अधिक का अनुभव है। HCL की मलांजखंड यूनिट में महाप्रबंधक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने महज 11 महीनों में उत्पादन में 22 प्रतिशत की वृद्धि का रिकॉर्ड बनाया था।
इस महत्वपूर्ण पद के लिए यूसील के 4 महाप्रबंधकों सहित NCL, MOIL और NFC के 10 वरीय अधिकारियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था, जिसमें अंतिम रूप से डॉ. नाग के नाम पर मुहर लगी।
*बॉक्स रंगीन*
*चुनौतियां बड़ी, तैयारी पूरी*
नए तकनीकी निदेशक के समक्ष तीन प्रमुख चुनौतियां हैं –
*1. उत्पादन में तेजी लाना:* वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कंपनी उत्पादन लक्ष्य से 40 प्रतिशत पीछे रही है। जादूगोड़ा, तुम्मालापल्ली और नरवा पहाड़ माइंस में मशीनों की खराबी और स्पेयर पार्ट्स आने में 8 से 10 महीने की देरी को दूर करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
*2. 340 रिक्त पदों को भरना:* कंपनी में इंजीनियर से लेकर महाप्रबंधक स्तर तक के लगभग 340 पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं। 2019 के बाद से प्रमोशन पॉलिसी रिवाइज नहीं हुई है। डॉ. नाग के समक्ष भर्ती और प्रमोशन प्रक्रिया में तेजी लाना अहम कार्य होगा।
*3. पारदर्शिता और आधुनिकीकरण:* खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना और मैनुअल सिस्टम की जगह AI-बेस्ड ग्रेड एनालिसिस प्रणाली को लागू करना भी एक बड़ी चुनौती है।
उनके पदभार ग्रहण करते ही यूसील कर्मचारियों और अधिकारियों में हर्ष का माहौल है। कर्मचारी यूनियन ने उम्मीद जताई है कि स्थायी निदेशक के आने से लंबित फैसलों में तेजी आएगी और कंपनी प्रगति के पथ पर अग्रसर होगी।

