जनगणना-2027 में ओबीसी कॉलम की मांग, 5 अक्टूबर को राजभवन घेराव का ऐलान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग ने जनगणना-2027 में ओबीसी के लिए अलग कॉलम, प्रगणकों को जातियों की ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने और ओबीसी वर्ग की सुरक्षा के लिए अलग कानून बनाने की मांग की है। विभाग ने मांगें पूरी नहीं होने पर 5 अक्टूबर 2026 को राजभवन घेराव का ऐलान किया है।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि बिहार और तेलंगाना में हुए जातिगत सर्वेक्षणों की तर्ज पर देश में वैज्ञानिक तरीके से जातिगत जनगणना कराई जानी चाहिए। विभाग का कहना है कि ओबीसी की वास्तविक आबादी का आंकड़ा सामने आने से आरक्षण, सरकारी नौकरियों और संसाधनों में आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी से जुड़े नीतिगत फैसलों में मदद मिलेगी।
विभाग ने सरकार को 4 अक्टूबर तक मांगों पर कार्रवाई का समय दिया है। इसके बाद मांगें पूरी नहीं होने पर ओबीसी समाज के साथ राजभवन घेराव करने की घोषणा की गई है। कांग्रेस के अनुसार पार्टी इस मुद्दे को लेकर ज्ञापन, पदयात्रा और सम्मेलन भी आयोजित कर रही है।
