भाजपा ओबीसी मोर्चा की संगठनात्मक बैठक में विस्तार और मजबूती पर मंथन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली। भाजपा दिल्ली प्रदेश कार्यालय में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, मोर्चे के विस्तार तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपते हुए जिला एवं मंडल स्तर पर संगठन विस्तार में तेजी लाने और बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाना और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ओबीसी मोर्चा को और सशक्त करना संगठन की प्राथमिकता है।
बैठक में सभी प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

