कुंडहित प्रखंड मुख्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, टीएमसी जिलाध्यक्ष ने किया रक्तदान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर कुंडहित प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया गया। शिविर का नेतृत्व बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम की उपस्थिति में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई। बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इसी क्रम में टीएमसी जिलाध्यक्ष मुस्ताक सेख अपने समर्थकों के साथ शिविर में पहुंचे और स्वयं रक्तदान किया।समर्थकों ने भी रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से आगे आकर ऐसे पुनीत कार्य में भाग लेने की अपील की।
बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। शिविर का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

