पोल्ट्री फीड मिल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संयुक्त उद्घाटन,मुख्य अतिथि उपस्थित रहे दुमका सांसद
राष्ट्र संवाद सं
दुमका : जिले के काठीकुंड प्रखंड अंतर्गत नारगंज स्थित पूर्व एसएसबी कैंप परिसर में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पोल्ट्री फीड मिल एवं नव-निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संयुक्त उद्घाटन किया गया। यह फीड मिल JSLPS के सहयोग से बासलोई महिला पोल्ट्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा स्थापित की गई है, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराया गया है।
उद्घाटन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने कहा कि यह पहल ग्रामीण आजीविका, महिला उद्यमिता, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को एक साथ मजबूती प्रदान करेगी। पोल्ट्री फीड मिल के शुरू होने से मुर्गी पालन से जुड़ी महिलाओं को अब स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण फीड उपलब्ध होगी, जिससे उत्पादन लागत घटेगी और आय में वृद्धि होगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित अन्य स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां महिला समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की गई। साथ ही कई कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों को परिसंपत्तियों और सहायता सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम जिले में समग्र और सहभागी विकास का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया।

