चरकाडीह के सामने निर्माणाधीन बांध बना चर्चा का विषय, पारदर्शिता पर उठे सवाल
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड अंतर्गत चरकाडीह गांव के सामने एक बड़े बांध का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन इस कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में असमंजस और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े सरकारी निर्माण कार्य के बावजूद स्थल पर किसी प्रकार का कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। आमतौर पर किसी भी सार्वजनिक निर्माण कार्य में सूचना बोर्ड पर योजना का नाम, स्वीकृत बजट, कार्य की अवधि, कार्यदायी एजेंसी और विभागीय अधिकारियों की जानकारी अंकित रहती है, ताकि आमजन को पारदर्शी तरीके से जानकारी मिल सके।
लेकिन यहां सूचना बोर्ड के अभाव में लोगों को यह पता ही नहीं चल पा रहा है कि बांध किस योजना के तहत बन रहा है, इसकी कुल लागत कितनी है और निर्माण की गुणवत्ता कैसी होगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती, तो संदेह पैदा होना स्वाभाविक है। ऐसे में प्रथम दृष्टया यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं यह बांध भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़ जाए।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन और संबंधित विभाग तुरंत निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड लगवाए और कार्य से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक करे। लोगों का मानना है कि पारदर्शिता ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का सबसे प्रभावी तरीका है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में यह मुद्दा बड़ा रूप ले सकता है।

