राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय, नाला में गणित दिवस का भव्य आयोजन
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: राजकीय कृत +2 उच्च विद्यालय, नाला में गणित सप्ताह के अंतिम दिन गणित दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में गणित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गणित से संबंधित आकर्षक मॉडलों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा एक संक्षिप्त संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नाला पंचायत के मुखिया अजित मुर्मू तथा दलाबड़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गुपिन सोरेन उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को गणित के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उपयोगी है तथा यह तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच को विकसित करता है।
गणित सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल रहे सभी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार मंडल, गणित शिक्षक प्रियतोष साधु सहित शिक्षकगण राजेश कुमार, मुकेश कुमार, सुरोजित भट्टाचार्य, बादशाह मुखर्जी, पूर्णिमा दास, निर्मला कुमारी टुडू, बुद्धदेव पाल एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

