झारखण्ड विधानसभा अध्यक्ष ने स्वास्थ्य बीमा योजना पर विभागों संग की अहम बैठक
राष्ट्र संवाद सं
रांची: झारखण्ड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़ी समस्याओं पर चिंतन-मनन हेतु स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग तथा मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़ी कठिनाइयों, माननीय सदस्यों/पूर्व सदस्यों के इलाज के व्यय शीर्ष तथा योजना के पंजीकरण एवं प्रीमियम भुगतान में स्पष्टता के अभाव पर विस्तृत चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बताया कि 01 मार्च 2025 के बाद इलाज कराने वाले कई सदस्यों को प्रतिपूर्ति में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं।
अध्यक्ष महोदय ने यह भी रेखांकित किया कि बीमा कंपनी द्वारा विभिन्न रोगों पर अलग-अलग कैपिंग निर्धारित होने से बेहतर इलाज का विकल्प चुनने पर खर्च की सीमा पार होने पर बीमा राशि उपलब्ध नहीं हो पाती। ऐसी स्थिति में मरीजों पर तत्काल बड़ी राशि वहन करने का दबाव बनता है, जिससे उचित इलाज प्रभावित हो सकता है।
माननीय प्रदीप यादव समेत कई पूर्व नेताओं द्वारा प्रतिपूर्ति एवं अग्रिम निकासी संबंधी समस्याओं पर पत्र भेजे जाने के बाद यह बैठक हुई। अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को सभी मुद्दों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

