कारा सुरक्षा समिति की बैठक में सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए कारा सुरक्षा से जुड़े तमाम बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में बंदियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, मुलाकाती व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, ड्रैगन लाइट, जैमर, टेलीफोन बूथ, वॉकी-टॉकी, सायरन, जालीनुमा बैरिकेडिंग और इलेक्ट्रिक फेंसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही कक्षपालों के पदस्थापन और कारा परिसर में साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा भी की गई।
सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए औचक छापेमारी, नियमित सुरक्षा ऑडिट और उपकरणों की कार्यशीलता जांचने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा कारा में प्रवेश करने वालों की सघन तलाशी, मुलाकातियों के द्वारा भेजी जाने वाली सामग्री की पूरी जांच के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित करने जैसे निर्देशों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रभारी अधीक्षक विजय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

