सेवा का अधिकार सप्ताह में नारायणपुर में लगा शिविर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सुनीं समस्याएं
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह में नारायणपुर प्रखंड के बोरवा पंचायत भवन में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने शिविर में लगे सभी विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जनता के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है और योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुँचाने के लिए खुद गांव-गांव पहुंच रही है। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की बात करते हुए बताया कि जल्द ही नारायणपुर रेफरल अस्पताल को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
उधर उपायुक्त रवि आनंद ने लोगों से अपील की कि वे शिविर में आकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अधिक से अधिक आवेदन कर लाभ हासिल करें।
कार्यक्रम में मंत्री द्वारा कंबल, साड़ी, प्रमाण पत्र सहित मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत लाभुकों को बतख चूजा एवं अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
शिविर में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

