सेवा का अधिकार सप्ताह:महज 10 मिनट में बना प्रमाण पत्र, राज्य सरकार एवं प्रशासन के प्रति जताया आभार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: सेवा का अधिकार सप्ताह के अंतर्गत जामताड़ा जिले में पंचायत स्तरीय शिविरों में तेज़ और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने का अभियान लगातार सफल हो रहा है। 21 से 28 नवंबर 2025 तक चल रहे इस विशेष सप्ताह का उद्देश्य लोगों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का तुरंत निष्पादन करना है।
फतेहपुर प्रखंड के चापुड़िया पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान लायबनी के युवक दिनेश कुमार चौधरी को ओबीसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। शिविर में मौजूद कर्मियों ने उनके आवेदन की त्वरित जांच कर मात्र 10 मिनट में प्रमाण पत्र स्वीकृत कर उन्हें सौंपा। प्रमाण पत्र प्राप्त करते ही युवक ने राज्य सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी शिविर में लालूडीह के नेहरू हेंब्रम अपनी पेंशन से संबंधित समस्या लेकर पहुंचे। उनके आवेदन की प्रक्रिया पूरी करते हुए 5 मिनट में सर्वजन पेंशन योजना के तहत पेंशन स्वीकृत की गई। स्वीकृति पत्र मिलते ही उनके चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
शिविर में कई अन्य लोगों की समस्याओं का भी ऑन स्पॉट समाधान किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर लोगों को वास्तविक लाभ पहुंचा रहे हैं और योजनाओं की जानकारी भी सरलता से मिल रही है।

