डीएमएफटी प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न, योजनाओं की समीक्षा कर दिए गए दिशा-निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) प्रबंधन समिति की बैठक कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित हुई। बैठक में जिले में डीएमएफटी मद से संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को प्राथमिक (प्रायोरिटी) और गैर-प्राथमिक (नन-प्रायोरिटी) श्रेणी में विभाजित कर प्रस्ताव तैयार करें।
उन्होंने कहा कि डीएमएफटी मद से पूर्व में संचालित वे सभी योजनाएं जिन्हें ग्राम सभा से पारित नहीं किया गया है, उनके लिए विशेष ग्राम सभा आयोजित कर घटनोत्तर स्वीकृति की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्देश दिया कि विशेष ग्राम सभा के आयोजन की सूचना आयोजन से एक सप्ताह पूर्व स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराई जाए।
बैठक में ग्राम सभा से पारित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आगे की कार्यवाही के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सालकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

