
डीएमएफटी फंड से बनने वाली दो पीसीसी सड़कों का सांसद-विधायक ने किया शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडूंगी प्रखंड में बुधवार को डीएमएफटी फंड से दो पीसीसी सड़कों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और विधायक निरल पुरती ने संयुक्त रूप से दोनों योजनाओं की आधारशिला रखी। पहली सड़क बाईहातु पंचायत के जोजोहातु गांव में मुख्य पथ से पोनाई पर्व स्थल तक तथा दूसरी अंधारी पंचायत के गंडकीदा गांव में मध्य विद्यालय कुंकलपी के सामने से गोटसेरेंग तक बनाई जाएगी।
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा जरूरी है। सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के अवसरों तक पहुंच आसान बनाती हैं। इससे विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को विशेष सहूलियत मिलती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
विधायक निरल पुरती ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। दोनों सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को खासकर बरसात के दिनों में आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य शशिभूषण पिंगुवा, प्रखंड प्रमुख प्रियंका हेम्ब्रम, मुखिया मथुरा कोंडाकेल, सनातन हेम्ब्रम, गोकुल पोलाई, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजेश पिंगुवा, हाजी जहांगीर समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

