
झारखंड स्थापना दिवस को मुख्य अतिथि होंगे विधायक संजीव सरदार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
सरदार मुंड़ा/नाया/डाकुआ हातु स्वशासन व्यवस्था, पोटका की ओर से 15 नवंबर को हल्दीपोखर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह झारखंड स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया जाएगा। साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
समारोह के दौरान आदिवासी समाज की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था, स्वशासन प्रणाली और रीति-रिवाजों के संरक्षण को लेकर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें समाज के विभिन्न प्रतिनिधि अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार को आमंत्रित किया गया है।
समारोह में क्षेत्र के तरफ सरदार, गादी सरदार, हातु सरदार, नाया, देवरी और डाकुआ सहित समाज के गणमान्य लोग शामिल होंगे। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है। इसकी जानकारी हल्दीपोखर के तरफ सरदार हिमांशु सरदार, रायचरण सरदार तथा रोलाडीहा के हातु सरदार सुबोध सरदार ने दी।

