आज दिनांक 26.08.2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) के द्वारा सभागार प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की समस्याओं को सुना गया।
_*125 से अधिक लोगों के आवेदनों पर हुई सुनवाई; कई समस्याएं हुई ऑन स्पॉट निष्पादित*_
जनता दरबार में करीब 125 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त द्वारा सभी समस्याओं को सुनते हुए अग्रतर कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया वहीं कई समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान किया गया। जनता दरबार में मईया सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन एवं वृद्धा पेंशन के मामले, निजी विद्यालय में फीस माफी, आंगनवाड़ी सेविका/सहायिका चयन, भूमि संबंधित, जमीन पर अवैध कब्जा, ग्राम प्रधान का भुगतान, हिट एंड रन से जुड़े मामले में मुआवजा भुगतान, अनुकंपा से जुड़े मामले, वाहन फिटनेस, आधार सुधार, राशन कार्ड सुधार, अबुआ आवास, पीएम आवास, आपदा मुआवजा, पुराने चौकीदार के मामले, भू अर्जन से जुड़े मामले बिजली बिल माफी, पीडीएस डीलर के कमीशन का मामला सहित अन्य शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुई।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक बारी बारी से सुनकर शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को ऑन स्पॉट निर्देशित किया। इस दौरान कई समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान भी किया गया।
_*मईया सम्मान से जुड़े अधिकतर मामलों को ऑन स्पॉट किया गया समाधान*_
जनता दरबार में अधिकतर आवेदन मईया सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने से थी, जिस पर उपायुक्त के निर्देश पर सभागार में ही कर्मी के द्वारा सभी समस्याओं का जांच कर फरियादियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए तकनीकी अड़चनों की जानकारी दी गई एवं मामलों का ऑन स्पॉट समाधान किया गया। नगर निकाय क्षेत्र से आवास योजना के लंबित किस्त भुगतान हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया। वहीं भूमि विवाद एवं अवैध कब्जा आदि से संबंधित समस्याओं के निष्पादन हेतु संबंधित सीओ एवं अनुमंडल पदाधिकारी को जांचोपरांत कार्रवाई प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया। वहीं ऐसी कई समस्याएं आईं जो आधार से जुड़े मामले का था इनमें से कई समस्याओं को ऑन स्पॉट समाधान कर दिया गया। वहीं आपदा के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि देने हेतु संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिया। हिट एंड रन से जुड़े मामले में नियमानुसार मुआवजा भुगतान हेतु संचिका अग्रसारण करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि उपायुक्त जनता दरबार के दौरान प्राप्त आवेदनों को संबंधित कार्यालय को अग्रसारित करते हुए 48 घंटे के अंदर कार्रवाई प्रतिवेदन से अवगत कराने का निर्देश दिया गया है।
_*बुजुर्ग महिला की पेंशन की समस्या का हुआ ऑन स्पॉट समाधान*_
जनता दरबार में आई एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि वो पेंशन नहीं मिलने के कारण परेशान है, उनकी व्यथा सुनकर उपायुक्त ने जांच करवाया, जांच में पता चला कि उनके खाते में 3000 रुपए पेंशन की राशि 23 अगस्त को भेजी जा चुकी है, उपायुक्त ने बुजुर्ग महिला के सामने ही बैंक से उनके खाते को जांच कर इसकी पुष्टि करते हुए महिला को बताया कि पैसा आपके बैंक खाते में चला गया है। महिला ने अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए उपायुक्त के प्रति आभार प्रकट किया।
_*वाहन फिटनेस के लिए दौड़ रहे फरियादी की समस्या का हुआ ऑन स्पॉट समाधान*_
उपायुक्त के समक्ष आए एक फरियादी ने कहा कि वो वाहन फिटनेस के लिए परिवहन कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनका काम नहीं हो रहा है। उपायुक्त ने उनकी समस्या को सुनकर तुरंत परिवहन कार्यालय के प्रधान लिपिक को बुलाया और निर्देश दिया। उपायुक्त के निर्देश पर महज 20 मिनट में उनका समस्या का समाधान हो गया। फरियादी ने इसके लिए उपायुक्त का बहुत बहुत आभार जताया।
_*राशन कार्ड से संबंधित समस्या लेकर आए फरियादी की समस्या का ऑन स्पॉट समाधान*_
वहीं जनता दरबार में एक अन्य लाभुक राशन कार्ड में नाम जुड़वाने की समस्या को लेकर आए, उपायुक्त के निर्देश पर उक्त व्यक्ति की समस्या का ऑन स्पॉट समाधान हो गया, बताया गया कि नवंबर माह से उसे राशन मिलने लगेगा। उसने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
_*आने वाले दिनों में प्रखंडों में भी लगेगा जनता दरबार; सप्ताह में 02 दिन लोगों की समस्या सुनेंगे बीडीओ-सीओ*_
उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भी जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा। बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया गया है कि अपने प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में सप्ताह के 02 दिन लोगों की समस्याएं सुने एवं उचित समाधान करें।
*_उल्लेखनीय है कि_* प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से मध्याह्न 1 बजे तक उपायुक्त श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) के द्वारा कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है।

