आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम को सिल्वर मेडल, टाउन हॉल में सम्मान समारोह आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नीति आयोग के ‘संपूर्णता अभियान’ में पूर्वी सिंहभूम जिला एवं मुसाबनी प्रखंड को 5 सूचकों में सैचुरेशन हासिल करने पर सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर टाउन हॉल, सिदगोड़ा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जिले को गर्भवती एवं धात्री माताओं में पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड, बच्चों का टीकाकरण, माध्यमिक विद्यालयों में विद्युतीकरण और एक माह के भीतर पुस्तकों की उपलब्धता में सैचुरेशन पर सम्मान मिला। वहीं, मुसाबनी प्रखंड को एएनसी जांच, पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड, डायबिटीज और हाइपरटेंशन स्क्रीनिंग में यह उपलब्धि हासिल हुई।
समारोह में उपायुक्त ने बीडीओ अदिति गुप्ता को सिल्वर मेडल प्रदान किया और जिले के अन्य बीडीओ, पिरामल फेलोज, फ्रंटलाइन वर्कर्स सहित 110 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि सैचुरेशन एक सतत प्रक्रिया है और प्रशासन का लक्ष्य होना चाहिए कि हर पात्र नागरिक को योजनाओं का लाभ बिना देरी मिले। उन्होंने पदाधिकारियों से संवेदनशीलता और तत्परता से काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


