जगदीप कुमार हेंब्रम की सफलता ने किया जामताड़ा का नाम रौशन, विधानसभा अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिले के नाला विधानसभा अंतर्गत महुलबोना पंचायत के मधवा निवासी और पंचायत की मुखिया शिलावंती सोरेन के पुत्र जगदीप कुमार हेंब्रम ने अपने कठिन परिश्रम और संकल्पशक्ति से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जगदीप ने 66वीं रैंक हासिल की है, जो न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
जगदीप एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी कठिनाइयों को कभी भी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। मधवा गांव जैसे सुदूर क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई करना और राज्य की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना, यह उनकी लगन और कड़ी मेहनत का जीता-जागता प्रमाण है। उनका यह संघर्ष न केवल युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि यदि इरादा मजबूत हो तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं।
जगदीप के बड़े भाई संदीप कुमार हेंब्रम पहले से ही कुंडहित अंचल में प्रभारी अंचल निरीक्षक के रूप में कार्यरत हैं । इस परिवार की दोहरी उपलब्धि ने समाज को यह सन्देश दिया है कि शिक्षा और सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
इस गौरवशाली उपलब्धि पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने जगदीप कुमार हेंब्रम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि, “जगदीप ने न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि नाला विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गए हैं। मैं उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूँ और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूँ। ऐसे होनहार युवा हमारे राज्य और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और जगदीप की सफलता इन प्रयासों की सार्थकता को दर्शाती है।
ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में इस खबर से खुशी और उत्साह का माहौल है। गांव के बुजुर्ग, शिक्षक, और युवा सभी इस उपलब्धि को गर्व से देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उन्हें बधाइयों की बौछार की है।
जगदीप कुमार हेंब्रम की यह सफलता न केवल एक व्यक्तिगत जीत है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए आशा की किरण है। यह दर्शाता है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती।

