राष्ट्र संवाद संवाददाता: संजय कुमार धीरज
साहिबगंज : विस्तृत क्षेत्र में फैली मंडरो प्रखंड स्थित राजमहल पहाड़ी क्षेत्र में स्थित फॉसिल पार्क में गोड्डा के एमबीबीएस कोचिंग संस्थान के छात्रों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। यह पार्क मंडरो प्रखंड के तारा पहाड़ और गुरमी पहाड़ पर स्थित है। मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य और भू-वैज्ञानिक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने छात्रों को जीवाश्मों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में डॉ. बीरबल साहनी ने इस क्षेत्र में 14 प्रकार के जीवाश्मों की पहचान की थी।
डॉक्टर सिंह ने छात्रों को पृथ्वी की उत्पत्ति और करोड़ों वर्ष पुराने जीवाश्मों के निर्माण की प्रक्रिया और इतिहास के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि विश्व भर में राजमहल की पहाड़ियों में सबसे अधिक जीवाश्म साहिबगंज में पाए जाते हैं। यह स्थल देश-विदेश के पर्यटकों और शोधकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र है।
छात्रों ने पार्क स्थित म्यूजियम का भी भ्रमण किया। डॉ. सिंह ने छात्रों के अनगिनत सवालों के जवाब दिए। छात्रों ने इस विश्वस्तरीय पार्क की सटीक जानकारी प्रदान करने के लिए डॉ. सिंह के प्रयासों की सराहना की। साथ ही वन विभाग और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग का भी आभार व्यक्त किया।
मौके पर एमबीबीएस बायोलॉजी कोचिंग संस्था के डायरेक्टर सुनील शर्मा, टिंकू कृष्णा, निरंजन पंडित, अश्वनी पंजीयारा, अवंतिका कुमारी, पूजा कुमारी, रोजी कुमारी, गायत्री कुमारी, पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी सहित दर्जनों विद्यार्थी शामिल थे।

