राष्ट्र संवाद संवाददाता सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के नारोडीह गांव में आज डिग्री महाविद्यालय का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सिदो-कान्हो विश्वविद्यालय दुमका के कुलपति प्रो. (डॉ.) कुनुल कंदीर, उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने विधिवत नारियल फोड़कर एवं भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। मौके पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह डिग्री कॉलेज उनके अथक प्रयासों का परिणाम है। लंबे समय से नारायणपुर क्षेत्र में कॉलेज की मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हो रही है। अब यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज भविष्य में एक मॉडल संस्थान के रूप में विकसित होगा और क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। जामताड़ा अब “सांप और साइबर” नहीं, बल्कि विकास के लिए पहचाना जाएगा। कुलपति डॉ. कुनुल कंदीर ने मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि कॉलेज का निर्माण शीघ्रता से किया जाएगा और संचालन भी सुचारू रहेगा। उपायुक्त रवि आनंद ने इस पल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह महाविद्यालय स्थानीय बच्चों के भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने क्षेत्रीय भाषा में भी लोगों को संबोधित कर कॉलेज के फायदों से अवगत कराया। वहीं, पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा ग्रहण कर जिले का नाम रौशन करने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध से दूर रहने और हेलमेट पहनने की आदत अपनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


