दिशोंम झारखण्ड संवाददाता सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा: जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री रवि आनंद (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 25 से अधिक फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में पेंशन, आवास, रोजगार, जाति प्रमाण-पत्र, भूमि विवाद, पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं करने, पशु शेड निर्माण, स्पॉन्सरशिप योजना, डीवीसी विस्थापन, पुनर्नियोजन, दीदी कैफे बंद किए जाने जैसी समस्याएं सामने आईं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे फरियादियों के चेहरे पर संतोष और मुस्कान देखी गई। जनता दरबार के दौरान मिहिजाम निवासी एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उन्हें वर्ष 2022 में एक बार 6000 रुपये की पेंशन राशि मिली थी, इसके बाद से भुगतान नहीं हुआ। उपायुक्त ने तत्काल सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कर्मियों को बुलाकर पेंशन की स्थिति की जानकारी ली। तकनीकी त्रुटि का पता चलने के बाद आवश्यक कार्रवाई कर महिला के खाते में पेंशन मद की लंबित 20,000 रुपये की राशि भेजने का निर्देश दिया गया। त्वरित समाधान से भावुक हुई बुजुर्ग महिला ने उपायुक्त को आशीर्वाद देते हुए धन्यवाद प्रकट किया, एक अन्य फरियादी महिला ने बेटे के साथ उपस्थित होकर बताया कि दबंग प्रवृत्ति के लोगों द्वारा उन्हें घर से भगा दिया गया है और न ही आवास बनाने दिया जा रहा है, न ही खेती। इस पर उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आश्रय गृह में तत्काल कमरे की व्यवस्था करने तथा पूरे मामले की 24 घंटे में जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। जनता दरबार में करमाटांड़ प्रखंड की दीदी कैफे संचालिका ने बीडीओ द्वारा कैफे बंद करने और दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत की। उपायुक्त ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एक फरियादी द्वारा जाति प्रमाण पत्र नहीं दिए जाने की शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारी को फोन कर प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश दिया। वहीं एक अन्य शिकायत में एसडीओ कोर्ट में रिपोर्ट लंबित होने पर संबंधित सीओ को फोन कर रिपोर्ट शीघ्र भेजने को कहा गया। पेंशन होल्ड होने के मामले में जांच में पाया गया कि बैंक लोन के कारण पेंशन रुकी हुई थी। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि लाभुक की पेंशन तत्काल बहाल की जाए। वहीं ताड़ के पेड़ काटे जाने पर मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत पर वन विभाग को आवेदन अग्रसारित किया गया। इसके अलावा पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने की शिकायत पर उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को फोन कर समुचित कार्रवाई का निर्देश देते हुए फरियादियों को एसपी कार्यालय भेजा। डीवीसी विस्थापन, चौकीदार नियुक्ति जैसे मुद्दों पर भी उपायुक्त ने संवेदनशीलता के साथ सभी पक्षों की बातों को सुना और संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर अपनी समस्याएं रखें, ताकि समय पर उनका समाधान किया जा सके। गौरतलब है कि प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से मध्याह्न 1 बजे तक उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया जाता है।

