सिरुम गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से बैल की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल कुकड़ू प्रखंड के सिरुम गांव के सरदार टोला में बिजली विभाग की लापरवाही से एक बैल की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, गांव में वर्षों से एक झुका हुआ बिजली पोल और नीचे लटकता 11 हजार वोल्ट का तार खतरे का कारण बना हुआ था। ग्रामीणों की कई शिकायतों के बावजूद चांडिल विद्युत विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सिरुम गांव की रूपन देवी जब खेत में बैल चराने गईं, तभी उनका बैल झूलते तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
मामले की सूचना पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कनीय अभियंता और पशुपालन पदाधिकारी को जांच कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।
उधर, दारुदा, बड़ालापांग, पंडरा टोला और मानकिडीह में पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

