जुगसलाई की समस्याओं को लेकर सिंहभूम चैम्बर हुआ मुखर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जुगसलाई की समस्याओं को लेकर मुखर होते हुये जिला के उपायुक्त अनन्य मित्तल, भा.प्र.से. का ध्यानाकृष्ट कराते हुये इसके जल्द से जल्द निराकरण का आग्रह किया है। यह जानकारी मानद महासचिव मानव केडिया ने दी।
अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि जुगसलाई एक बहुआबादी वाला क्षेत्र है तथा यह जमशेदपुर शहर का एक प्रमुख व्यवसायिक केन्द्र भी है। लेकिन यहां व्याप्त कई समस्याओं से यहां के स्थानीय निवासियों के साथ ही विभिन्न कार्यों से जुगसलाई आने वाले लोगों को भी इन मूलभूत समस्याओं से जूझना पड़ता है।
अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि एक मुख्य समस्या यहां फायर ब्रिगेड स्टेशन का नहीं होना भी है जिसके कारण कभी भी आगजनी की बड़ी घटना घटित होने की आशंका इस क्षेत्र के लोगों में हमेशा बनी रहती है। इसलिये उपायुक्त से आग्रह किया गया है कि जुगसलाई क्षेत्र में ही स्थल का चयन कर पूर्व में आवंटित फायर बिग्रेड की व्यवस्था की जानी चाहिए।
उपाध्यक्ष अनिल मोदी एवं सचिव भरत मकानी का कहना है कि जुगसलाई में काफी संख्या में व्यापारिक संस्थानें एवं दुकाने अवस्थित है जिसमें अच्छी संख्या में महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं। लेकिन जुगसलाई क्षेत्र मेें सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इस कारण इन दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों विशेषकर महिला कर्मचारियों एवं यहां आने वाले ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिये यहां सुलभ शौचालय की अति आवश्यकता है।
चैम्बर के अन्य पदाधिकारी उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, सचिव अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने भी उपायुक्त से अनुरोध किया है जुगसलाई में उक्त समस्याओं के निराकरण हेतु जल्द से जल्द उचित कदम उठायें जायें जिससे वहां की जनता को राहत मिल सके।

