परसुडीह में बंद घर से नवजात शिशु का शव बरामद, इलाके में सनसनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के ग्वाला पट्टी दुर्गाबाड़ी में शनिवार शाम एक बंद पड़े पुराने झोपड़ीनुमा घर से नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुछ बच्चे खेलते हुए जब अंदर पहुंचे, तो उन्होंने शव देखा और शोर मचाया। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शिशु की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
स्थानीय निवासी शंभू सिंह यादव ने घटना को मानवीय दृष्टि से अत्यंत शर्मनाक बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

