जुगसलाई के बाटा चौक में दिनदहाड़े ज्वेलरी स्टोन की चोरी, 10–12 लाख के पत्थर गायब; व्यापारियों में आक्रोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले चौक बाजार स्थित बाटा चौक में शनिवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। जेम्स हाउस नामक दुकान से एक युवक खुली दुकान देखकर अंदर घुसा और पेटी का ताला तोड़कर लगभग 10 से 12 लाख रुपए के पुखराज, नीलम, पन्ना सहित अन्य कीमती पत्थर चोरी कर फरार हो गया।
घटना तब हुई जब दुकान मालिक करण सिंह कुछ देर के लिए बाहर गए थे और कर्मचारी पास की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी बीच आरोपी मौके का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दे गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह चौक बाजार में लगातार तीसरी चोरी की घटना है, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उन्हें व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज की गई है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

