घाटशिला पहुंचे एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. पवन पांडेय, कहा – उपचुनाव में पार्टी नहीं लड़ेगी, मतदाता लोकतंत्र में भाग लें
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला, 7 नवंबर: एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव (नगर निकाय) डॉ. पवन पांडेय शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर घाटशिला पहुंचे। स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
डॉ. पांडेय ने बताया कि एनसीपी ने घाटशिला उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सुझाव पर लिया है। उन्होंने कहा कि एनसीपी झारखंड में किसी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा नहीं है और हमेशा अपने बलबूते पर चुनाव लड़ती आई है।
उन्होंने बताया कि 2024 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 33 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि लोकतंत्र के इस पर्व में अवश्य भाग लें और अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग करें।
डॉ. पांडेय ने कहा, “घाटशिला क्षेत्र के विकास के लिए जो उम्मीदवार सही लगे, उसे अपना मत दें और जीत दिलाएं।”
कार्यक्रम में अनवर हुसैन, जितेंद्र मिश्रा, सौरव ओझा, तेजपाल सिंह टोनी, मोहम्मद रिजवान और विल्सन कुल्लू सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

