मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा पर देश को गर्व : काले
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से साकची स्थित बोधि मैदान में “सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्ष” के तहत “विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले शामिल हुए।
काले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 25 वर्षों की जनसेवा के लिए बधाई देते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणादायी यात्रा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश “WE WILL DO IT” को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि जमशेदपुर और झारखंड की जनता विकसित भारत के निर्माण में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेती है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और बाबा बैद्यनाथ से विकसित भारत के संकल्प की सफलता की प्रार्थना की।
काले ने भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं उनकी टीम को कार्यक्रम के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए बधाई दी।

