सांसद बिद्युत बरन महतो ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात
जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं को लेकर सौंपे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली। जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरन महतो ने आज केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। सांसद ने एनएच-33 के पास पारडीह काली मंदिर से पटमदा–बंधवान–झिलमिली होते हुए बांकुड़ा तक नए मार्ग के प्रस्ताव को क्षेत्रीय एवं औद्योगिक कनेक्टिविटी के लिए अत्यावश्यक बताया।
सांसद महतो ने एनएच-220 को हाता से आगे जादूगोड़ा–मुसाबनी–गुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा के बंबई चौक तक विस्तार का आग्रह किया, जिससे इसे एनएच-18 से जोड़ा जा सके और झारखंड–ओडिशा की परिवहन सुविधा मजबूत हो। उन्होंने CRIF से सड़क एवं पुल निर्माण हेतु कई प्रस्ताव दिए, जिनमें कालियाडिंगा–जगन्नाथपुर सीमा सड़क, NH-18 महेशपुर–ओडिशा सीमा सड़क, पटमदा–प. बंगाल सीमा सड़क, बामडोल घाट पर स्वर्णरेखा नदी पुल, तथा धालभूमगढ़–मुसाबनी मार्ग शामिल हैं।
सांसद ने घाटशिला के फूलडुंगरी, बहरागोड़ा के PWD चौक और खंडामौदा में लगातार हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए अंडरपास/ओवरब्रिज निर्माण को अतिआवश्यक बताया। गडकरी ने सभी प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को DPR तैयार करने, खंडामौदा में फूट ओवरब्रिज तथा फूलडुंगरी–कालियाडिंगा चौक के कार्य की गति तेज करने का निर्देश दिया। बामडोल में स्वर्णरेखा नदी पर पुल निर्माण हेतु राज्य सरकार से प्राक्कलन भेजे जाने की आवश्यकता बताई गई।

