मोदी ने ब्रिक्स से व्यापार बाधाएं हटाने और सुरक्षित समुद्री मार्ग सुनिश्चित करने का किया आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नयी दिल्ली, 11 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए व्यापार बाधाएं कम करने, सुरक्षित समुद्री मार्ग सुनिश्चित करने और नाविकों की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार तभी आगे बढ़ सकता है, जब समुद्री मार्ग सुरक्षित और आपूर्ति शृंखलाएं निर्बाध रहें।
मोदी ने ब्रिक्स व्यापार परिषद से शीर्ष 10 व्यापार बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने, हर वर्ष 100 ब्रिक्स स्टार्टअप को सदस्य देशों के बाजारों में विस्तार दिलाने और सालाना 1,000 नई व्यावसायिक साझेदारियां विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने इन लक्ष्यों की हर साल समीक्षा करने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विस्तारित ब्रिक्स अब दुनिया की करीब आधी आबादी, वैश्विक जीडीपी के लगभग 40 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार के एक चौथाई से अधिक का प्रतिनिधित्व करता है। भारत को वैश्विक विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और नवाचार का केंद्र बताते हुए उन्होंने ‘मेक इन इंडिया, भारत के साथ नवाचार करें और दुनिया के लिए विस्तार करें’ का संदेश दिया।
उन्होंने भारत के बुनियादी ढांचे, सेमीकंडक्टर, जहाज निर्माण, क्वांटम तकनीक, महत्वपूर्ण खनिज और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में बढ़ती क्षमताओं का उल्लेख किया। मोदी ने ब्रिक्स सहयोग में भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और यूपीआई के अनुभव का लाभ उठाने की भी बात कही।

