टाटा पावर और TATA.ev ने 10 मेगा चार्जिंग हबों पर दर्ज किए 70 हजार से अधिक चार्जिंग सेशन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 10 सितंबर। टाटा पावर और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड ने देश में ईवी चार्जिंग नेटवर्क विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में स्थापित 10 को-ब्रांडेड Tata Power x TATA.ev मेगा चार्जर हबों पर अब तक 70 हजार से अधिक चार्जिंग सेशन और 85 हजार से अधिक चार्जिंग घंटे दर्ज किए गए हैं।
इन हबों में कुल 25 फास्ट चार्जर और 56 चार्जिंग गन हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता 2.7 मेगावाट है। नेटवर्क ने 75 लाख से अधिक ग्रीन किलोमीटर के सफर को समर्थन दिया और करीब 6,690 टन कार्बन उत्सर्जन रोकने में मदद की।
हब प्रमुख हाईवे कॉरिडोर और शहरों में स्थापित किए गए हैं, जिनमें यमुना एक्सप्रेसवे, हैदराबाद-विजयवाड़ा, बेंगलुरु-तिरुपति और पुणे-बेंगलुरु मार्ग शामिल हैं। मुंबई में एयरपोर्ट के पास स्थित द लीला मेगा चार्जर 600 किलोवाट क्षमता और 16 चार्जिंग गन्स के साथ प्रमुख केंद्र है।
टाटा पावर के नेटवर्क में वर्तमान में 690 से अधिक शहरों-कस्बों में 6,700 से ज्यादा पब्लिक व कमर्शियल चार्जर और 2.5 लाख से अधिक होम चार्जर शामिल हैं। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक 10,000 पब्लिक और 7.5 लाख होम चार्जर स्थापित करना है।

