मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : नाला विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर सोमवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी, संशोधन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की नियुक्ति एवं भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अपर समाहर्ता ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिन मतदाताओं का नाम अभी तक मैप नहीं हुआ है, वे अपने बीएलओ के माध्यम से सूची की जांच कर जल्द मैपिंग सुनिश्चित करें।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की समय पर प्रतिनियुक्ति से मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं शुद्ध बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी की भी जानकारी दी गई।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

