ईद-उल-जुहा को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, यातायात, पार्किंग, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य सुविधाओं समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन द्वारा ईदगाहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, दंडाधिकारियों व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा ड्रोन व वीडियोग्राफी से निगरानी करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस प्रशासन ने कुर्बानी के बाद अपशिष्ट सामग्री का समुचित निस्तारण करने और पर्व के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भी अपील की। बैठक में जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न प्रखंडों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

