राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026 का आमंत्रण लेकर राज्यपाल व मुख्यमंत्री से मिला मारवाड़ी सम्मेलन प्रतिनिधिमंडल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: आगामी 17, 18 एवं 19 मई को बिष्टुपुर स्थित ऐतिहासिक गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले “राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026” की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल के नेतृत्व में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
राजभवन में हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार को 17 मई के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें महोत्सव की रूपरेखा, सांस्कृतिक महत्व एवं सामाजिक उद्देश्य की जानकारी भी दी।
सम्मेलन पदाधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प, कालबेलिया एवं घूमर नृत्य, राजस्थानी परिधान, महिला एवं युवा विंग की प्रस्तुतियां, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों एवं आकर्षक स्टॉल्स का विशेष प्रबंध रहेगा।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक महोत्सव भारत की विविधता एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने मुख्यमंत्री को राजस्थान महोत्सव का विशेष बैच पहनाकर आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आयोजन में शामिल होने की इच्छा जताते हुए कहा कि झारखंड की पहचान विभिन्न संस्कृतियों के संगम से है और ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं।
जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने कहा कि राजस्थान महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कार एवं सांस्कृतिक गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल में विमल अग्रवाल, सुरेश कुमार अग्रवाल, सुशील रामराइक एवं राकेश अग्रवाल भी उपस्थित थे।

