राष्ट्र संवाद,संवाद
चांडिल शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। डैम रोड स्थित मध्य विद्यालय के समीप मैदान तथा रुचाप पंचायत भवन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 9 तक के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों के बीच सामान्य अध्ययन, गायन एवं दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। मुख्य अतिथि सोनी सैन गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह का जीवन संघर्ष आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर ही हम उनके सपनों का भारत बना सकते हैं।
इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के शोधार्थी व समाजसेवी अनंत कुमार महतो ने कहा कि भगत सिंह और उनके साथियों ने एक ऐसे भारत का सपना देखा था, जहाँ शोषण न हो और हर व्यक्ति को समान अधिकार मिले। साथ ही उन्होंने युवाओं को भटकाने वाली प्रवृत्तियों के प्रति सतर्क रहने और भगत सिंह के विचारों को अपनाने की जरूरत पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विशेश्वर महतो ने की, जबकि संचालन युधिष्ठिर प्रामाणिक ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रभात कुमार महतो, खुशी पोद्दार, राजा प्रमाणिक, खुशबू कुमारी, रोहित प्रामाणिक एवं राधि प्रामाणिक का सराहनीय योगदान रहा।

