मानगो मेयर चुनाव: एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह की पदयात्रा में उमड़ा जनसमर्थन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मानगो। मानगो नगर निगम चुनाव के तहत मेयर पद की एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह ने आज व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने रामनगर शंकोसाई, पारडीह और शांतिनगर सहित विभिन्न इलाकों में पदयात्रा कर आम जनता से सीधा संवाद किया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
पदयात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने संध्या सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसंपर्क के क्रम में उन्होंने विकास, स्वच्छता और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को अपनी प्रमुख प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि मानगो के समग्र विकास के लिए ठोस और पारदर्शी कार्ययोजना के साथ काम किया जाएगा।
संध्या सिंह ने मतदाताओं से क्रमांक संख्या 10 “कैमरा छाप” चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव मानगो के भविष्य को नई दिशा देने का अवसर है। पूरे जनसंपर्क अभियान के दौरान सकारात्मक माहौल और जनता का उत्साह यह संकेत दे रहा था कि मानगो की जनता एनडीए समर्थित प्रत्याशी, मानगो की बेटी संध्या सिंह को विजयी बनाने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

