आदित्यपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
सरायकेला–खरसावां जिले के आदित्यपुर में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। यह कार्रवाई 16 जनवरी 2026 को दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर की गई। आदित्यपुर बस्ती निवासी दीपक मिश्रा ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक युवक उन्हें धमकी दे रहा है और उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। शिकायत मिलते ही आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 19/26 के तहत आर्म्स एक्ट समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 17 जनवरी को ओल्ड विद्युत नगर इलाके में छापेमारी कर 24 वर्षीय राहुल पंडित को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक स्मार्टफोन बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया कि राहुल पंडित का आपराधिक इतिहास रहा है और वर्ष 2023 तथा 2024 में उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि वह किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जिसके अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सख्त कदम की सराहना की है।

