इश्क में अंधी बहन पूजा दुबे ने प्रेमी संग मिलकर भाई को उतारा मौत के घाट, 10 साल के बेटे ने खोला खौफनाक राज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
उत्तर प्रदेश (इंद्र यादव) मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपनी बहन को उसकी ससुराल सुरक्षित छोड़ने आए एक भाई को क्या पता था कि वही चौखट उसकी मौत का गवाह बनेगी। एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नदी किनारे फेंक दिया।
क्या है पूरा मामला
जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम करथिया का रहने वाला 25 वर्षीय करन मिश्रा मंगलवार सुबह अपनी बहन पूजा दुबे को उसकी ससुराल कुसमरा (ताल मोहल्ला) छोड़ने आया था। रात अधिक होने के कारण करन अपनी बहन के घर पर ही रुक गया। बुधवार सुबह पूजा दुबे ने अपने मायके फोन कर सूचना दी कि करन सुबह 5 बजे ही घर के लिए निकल चुका है।
जब दोपहर तक करन मिश्रा घर नहीं पहुँचा, तो उसका भाई मोहित मिश्रा और अन्य परिजन चिंतित होकर कुसमरा पहुँचे। काफी खोजबीन के बाद भी जब करन का पता नहीं चला, तब घर में मौजूद पूजा के 10 वर्षीय बेटे रितिक दुबे ने जो राज खोला, उसने सबके पैरों तले जमीन खिसका दी।
मासूम भांजे की गवाही से खुला कत्ल का राज
10 साल के रितिक दुबे ने बताया कि मंगलवार रात को जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू (निवासी नगला भूपति) उनके घर आया था। देर रात जब मामा करन की आँख खुली, तो उन्होंने जीतू को घर में देख लिया। दोनों के बीच तीखी बहस और झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच, जीतू ने तमंचा निकालकर करन के सिर में गोली मार दी। मासूम ने यह भी खुलासा किया कि इस पूरी वारदात में उसकी माँ (पूजा दुबे) भी जीतू का साथ दे रही थी। हत्या के बाद आरोपी जीतू, करन के शव को ठिकाने लगाने के लिए वहां से ले गया।
पुलिस की कार्रवाई और शव की बरामदगी
परिजनों की सूचना पर तत्काल एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने जब संदिग्ध बहन पूजा और उसके प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर ग्राम कूड़ी के पास नदी किनारे से करन का शव बरामद किया। करन के सिर में गोली लगने का निशान मिला है।

