जमशेदपुर: आजादनगर फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी पुलिस रिमांड पर, हथियार बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में एक जून को रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के समीप हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया है।
सिटी SP ललित मीणा ने बताया किफायरिंग की घटना में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब तथा तनवीर उर्फ समीर शामिल थे। घटना के बाद आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई के क्रम में 13 जून को तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की गई। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी (24 वर्ष), निवासी रहमतनगर, कपाली, ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उसे पुलिस 4 8घंटे के लिएरिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी दी और उसकी बरामदगी कराई।
पुलिस ने बताया कि मुबारक अंसारी के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण उद्भेदन कर लिया जाएगा।

