रामगढ़ सदर अस्पताल के मॉड्यूलर ओटी में एसी ब्लास्ट के बाद आग, सभी मरीज सुरक्षित
राष्ट्र संवाद संवादाता
झारखंड के रामगढ़ जिले के सदर अस्पताल में गुरुवार देर रात मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के बाहर लगे एयर कंडीशनर में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। हादसे के बाद पूरे ओटी परिसर में धुआं फैल गया, जिससे अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अस्पताल कर्मियों, चिकित्सकों और स्थानीय युवकों की तत्परता से सभी मरीजों और नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, मॉड्यूलर ओटी के बाहर गैलरी में लगे तीन एयर कंडीशनरों में से एक में अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। इसके बाद आग लग गई और कुछ ही देर में ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम और आसपास का हिस्सा धुएं से भर गया। धुआं फैलने के कारण कुछ समय के लिए वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के समय ऊपरी तल पर करीब 10 से 12 मरीज भर्ती थे, जबकि तीन से चार नवजात शिशु भी मौजूद थे। अस्पताल कर्मियों ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद की और स्थानीय युवकों तथा मरीजों के परिजनों की मदद से सभी मरीजों को सुरक्षित नीचे के वार्डों में शिफ्ट किया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि घटना के काफी देर बाद तक मॉड्यूलर ओटी धुएं से भरा रहा।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एसी ब्लास्ट के कारण आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि सभी मरीज सुरक्षित हैं और उनके उपचार की व्यवस्था दूसरे वार्डों में कर दी गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
घटना के दौरान उपाधीक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार महतो, अस्पताल कर्मी विक्की, ओम प्रकाश शर्मा, मिथुन कुमार कुशवाहा तथा स्थानीय युवक रवि और गौतम ने आग बुझाने और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मॉड्यूलर ओटी की विद्युत व्यवस्था और एयर कंडीशनिंग सिस्टम की तकनीकी जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।

