आदित्यपुर के मदन मोहन पब्लिक स्कूल को सीबीएसई से 10वीं तक मान्यता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर। मदन मोहन नगर स्थित मदन मोहन पब्लिक स्कूल को स्थापना के पहले ही वर्ष में सीबीएसई से दसवीं कक्षा तक की मान्यता मिल गई है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार निर्धारित मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद पहले ही प्रयास में मान्यता प्राप्त हुई है।
विद्यालय में फिलहाल नर्सरी से प्लस टू तक की शैक्षणिक व्यवस्था विकसित की गई है। प्रबंधन का अगला लक्ष्य प्लस टू तक सीबीएसई की मान्यता हासिल करना है। नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने उपलब्धि का श्रेय विद्यालय की पूरी टीम को देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देना है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भी सहयोग की बात कही।

