मां दुर्गा के स्वागत को तेघड़ा में तैयारी तेज, चढ़ने लगा आस्था का रंग
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
शारदीय नवरात्र को लेकर तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र में मां दुर्गा के स्वागत की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। पूजा समितियां पंडाल के लिए स्थल तैयार करने, बांस-बल्ला लगाने, प्रतिमा निर्माण और पूजा स्थल की साफ-सफाई में जुटी हैं। कई जगह पंडाल के ढांचे तैयार हो गए हैं। रंग-रोगन, विद्युत सजावट और रोशनी की व्यवस्था के लिए भी काम शुरू हो गया है। पूजा स्थलों पर नवरात्र के दौरान होने वाले पाठ, आरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के बाजितपुर पिढ़ौली, नया नगर दुलारपुर, गौरा, बरौनी, बरियारपुर, चिल्हाय, नोनपुर , पकठौल,मधुरापुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी तैयारियां चल रही है।
घाटकिंडी दुर्गा स्थान में तैयारी का विशेष उत्साह है। यहां नवरात्र के दौरान विशेष पूजा-अर्चना के साथ बड़े स्तर पर मेला लगता है। मेले की परंपरा के कारण आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पूजा स्थल के आसपास मेला लगाने के लिए जगह तैयार की जा रही है। पूजा सामग्री और प्रसाद की दुकानों के अलावा खिलौने, खाने-पीने की दुकानें और बच्चों के मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां मेले का आकर्षण रहती हैं। शाम के समय रोशनी और श्रद्धालुओं की आवाजाही से यहां उत्सवी माहौल बनता है।
पंडित सुधीर पाठक के अनुसार इस बार मां दुर्गा का आगमन हाथी पर होगा। इसे सुख-समृद्धि और खुशहाली का शुभ संकेत माना जाता है। इस बार 11 अक्टूबर को कलश स्थापना से नवरात्र शुरू होगा। 17 को सप्तमी, 18 को महाअष्टमी, 19 को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी। नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा होगी।
नवरात्र को लेकर बाजारों में भी पूजा सामग्री, फल-फूल और सजावट के सामानों से दुकानें सजने लगे हैं। दुर्गा पूजन और मेले को लेकर बढ़ती हलचल से तेघड़ा में दुर्गापूजा का आयोजन को लेकर लोगों में भारी उत्साह है।

