23 साल देश सेवा के बाद अब समाज के लिए काम करेंगे अमित
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
23 साल तक सीआरपीएफ में रहकर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले बरियारपुर निवासी अमित कुमार अब समाज के बीच नई भूमिका में नजर आएंगे। सीआरपीएफ में वायरलेस ऑपरेटर के पद पर सेवा देने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है। अब उनका लक्ष्य शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से काम करना है।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर दिल्ली स्थित सीआरपीएफ-88 बटालियन के कमांडेंट कमल सिसोदिया समेत अधिकारियों ने उन्हें विदाई दी। अधिकारियों ने उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को याद करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद अमित कुमार अपने गांव तेघड़ा प्रखंड की बरौनी-3 पंचायत के बरियारपुर लौटे।
अमित कुमार ने कहा कि 23 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद अब समाज की सेवा के लिए खुद को समर्पित करना उनका उद्देश्य है। गांव के युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के साथ सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी लोगों को जागरूक करने और योजनाबद्ध तरीके से आवाज उठाने का प्रयास रहेगा।
उन्होंने कहा कि वर्दी की जिम्मेदारी से मुक्त हुए हैं, लेकिन सेवा का संकल्प अभी खत्म नहीं हुआ है। अब अपने अनुभव और समय को समाज के विकास में लगाने की कोशिश करेंगे।

