लोजपा नेता को उठाना बिथान पुलिस की भूल – जांच करने बखरी पहुंचे डीआईजी ने माना, दोषियों पर होगी कार्रवाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नितेश सिंह राजपूत
*बखरी, बेगूसराय।* समस्तीपुर जिले के बिथान थाना पुलिस द्वारा लोजपा (रामविलास) के बखरी प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान को गलत तरीके से उठाकर 20 घंटे तक थाने में बिठाए रखने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले की जांच करने बुधवार को डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा स्वयं बखरी थाना पहुंचे।
डीआईजी ने बखरी थाने में पीड़ित लोजपा नेता पंकज पासवान को बुलाकर उनका पूरा पक्ष सुना और घटना की बारीकी से जांच की। जांच के बाद डीआईजी ने मीडिया से बातचीत में माना कि प्रथम दृष्टया बिथान थाना पुलिस की ही गलती लग रही है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस को आरोपी लालो पासवान की तलाश थी, तो उसके चचेरे भाई पंकज पासवान को ले जाने का कोई औचित्य नहीं बनता था।
उन्होंने बताया कि अभी उन्होंने पूरे कागजात का अवलोकन नहीं किया है, लेकिन मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जांच की जाएगी। साथ ही कहा कि स्थानीय पुलिस को दूसरे जिले की पुलिस को सहयोग करने की मजबूरी थी।
उल्लेखनीय है कि वायरल वीडियो मामले में बिथान थाना पुलिस राटन गांव निवासी लालो पासवान को खोजने आई थी, लेकिन उसके बदले लोजपा नेता पंकज पासवान को उठाकर ले गई और बिथान थाने में पूरी रात बेवजह बैठाए रखा। इसको लेकर लोजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। डीआईजी ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Breaking News Headlines अपराध खबरें राज्य से पटना बिहार बेगूसराय मुंगेर मुजफ्फरपुर राजनीति समस्तीपुर

