आम चुनने गई 13 वर्षीय बच्ची पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत; किशोर गंभीर रूप से घायल
जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत अंबा गांव में मंगलवार दोपहर आंधी-तूफान और हल्की बारिश के दौरान हुए वज्रपात की घटना में एक 13 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार करीब दो बजे अंबा गांव के पांच बच्चे हल्की बारिश के बीच गांव के समीप आम चुनने गए थे। इसी दौरान आम के पेड़ के पास अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से श्रीया बाउरी (13), पिता जालंधर बाउरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिनू दास (16), पिता अर्जुन दास गंभीर रूप से झुलस गया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुंडहित पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्रीया को मृत घोषित कर दिया। वहीं दिनू दास की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अंचल निरीक्षक अरुण कुमार यादव और हल्का कर्मचारी संदीप सोरेन ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अंबा पंचायत के मुखिया दुलु सिंह टुडू ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता और मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही आवश्यक कागजात तैयार करने की अपील की। समाचार लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए थे, हालांकि अधिकारी उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे थे।
इस दुखद घटना के बाद अंबा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

