विजय-2 खदान के श्रमिकों के बकाया बोनस पर श्रमायुक्त सख्त
*बीएस माइनिंग को सात दिनों की मोहलत; बोनस की 9.67 प्रतिशत राशि एक साल से लंबित, झारखंड मजदूर यूनियन की शिकायत पर जारी हुआ नोटिस*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
टाटा स्टील संचालित विजय-2 लौह अयस्क खदान में कार्यरत रहे श्रमिकों के बकाया बोनस भुगतान का मामला अब श्रम विभाग तक पहुंच गया है। झारखंड मजदूर यूनियन की बराईबुरु इकाई की शिकायत पर श्रमायुक्त ने खदान में ठेका कार्य करने वाली कंपनी बीएस माइनिंग को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।
यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार, विजय-2 खदान बंद होने के बाद ठेकेदार कंपनी को श्रमिकों के सभी बकाया भुगतान का निपटारा करना था। लेकिन बीएस माइनिंग ने 4 दिसंबर 2025 को श्रमिकों के नाम जारी पत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस की मात्र 8.33 प्रतिशत राशि का भुगतान किया था। शेष 9.67 प्रतिशत राशि का भुगतान खदान दोबारा खुलने के बाद करने की बात कही गई थी। यूनियन का आरोप है कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद श्रमिकों को बकाया बोनस का भुगतान नहीं किया गया।
इस संबंध में यूनियन की बराईबुरु इकाई के प्रतिनिधियों ने बीएस माइनिंग के जोड़ा स्थित मुख्य कार्यालय पहुंचकर बकाया राशि की मांग की थी। हालांकि, यूनियन का आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों ने स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल किया और भुगतान को लेकर सकारात्मक पहल नहीं की।
इसके बाद यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने चाईबासा पहुंचकर श्रमायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी और श्रमिकों की लंबित बोनस राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इसी शिकायत पर श्रमायुक्त की ओर से बीएस माइनिंग को सात दिनों की समय-सीमा देते हुए नोटिस जारी किया गया है।
यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि श्रमिकों ने खदान में अपनी सेवाएं दी हैं और उनके मेहनताने एवं वैधानिक देय राशि का भुगतान करना कंपनी की जिम्मेदारी है। खदान बंद होने का हवाला देकर श्रमिकों के बकाये को अनिश्चितकाल तक लंबित नहीं रखा जा सकता। यूनियन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर श्रमिकों के हक की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

