
काली पूजा पंडाल व सांस्कृतिक मेले का मंत्री दीपक बिरुआ ने किया उद्घाटन
*मेले को सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे का सशक्त माध्यम बताया*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
नेताजी यूथ स्पोर्टिंग क्लब, केन्दाडीह की ओर से निर्मित काली पूजा पंडाल सह सांस्कृतिक मेले का उद्घाटन शनिवार को राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मां काली से झारखंड की खुशहाली और राज्यवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक मेले सामाजिक समरसता, एकता, भाईचारे और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं।
मंत्री ने बड़े पैमाने पर पूजा एवं मेले के आयोजन के लिए कमेटी के संरक्षक सरोज महापात्रा और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। विशिष्ट अतिथि बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने दीपावली और काली पूजा की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र सहित राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने ग्रामीण क्षेत्र में इतने व्यापक स्तर पर पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कमेटी की सराहना की।
सम्मानित अतिथि झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने भविष्य में भी आयोजन में सहभागिता निभाने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेता खुद्दू उरांव, सागेन पूर्ति, बघराई मार्डी, रतन महतो, जलील खान, नासिर खान, गोकुल मार्डी और राजा पूर्ति सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं पूजा कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।

