राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा : जिले में 19 अप्रैल 2026 को झारखंड संयुक्त असैनिक (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। यह परीक्षा जिले के 12 केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हुई। कुल 3624 परीक्षार्थियों में से प्रथम पाली में 2262 और द्वितीय पाली में 2261 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि शेष अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उपायुक्त आलोक कुमार ने परियोजना निदेशक जुगनू मिंज के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जीबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, जामताड़ा इंटर महाविद्यालय और एडवर्ड इंग्लिश स्कूल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमैट्रिक उपस्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
परीक्षा के दौरान समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहा और सभी केंद्रों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया। प्रशासन ने परीक्षा संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

