घाटशिला में झामुमो का जनसैलाब: जनता ने ठाना सोमेश सोरेन को जिताएंगे, विकास का तीर चलाएंगे
महागठबंधन की विशाल सभा में उमड़ा जनसागर, भाजपा पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला/जादूगोड़ा।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के प्रचार ने अब जोर पकड़ लिया है। गुरुवार को दामपाड़ा स्थित गांधनिया हाट मैदान में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में आयोजित महागठबंधन की विशाल जनसभा में हज़ारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभा की अगुवाई राज्य की प्रथम महिला एवं झारखंड की पूर्व मुख्यमंत्री कल्पना सोरेन ने की। उन्होंने कहा कि घाटशिला की जनता एक बार फिर स्वर्गीय रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए तैयार है।
कल्पना सोरेन ने कहा, “जनता का जोश और विश्वास बता रहा है कि घाटशिला तीर-धनुष के साथ है। सोमेश चंद्र सोरेन की जीत घाटशिला के अभूतपूर्व विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।”
भ्रष्टाचार और असफलता का पर्याय भाजपा — झामुमो नेताओं का हमला
सभा में वक्ताओं ने भाजपा पर तीखे प्रहार किए। झामुमो नेताओं ने कहा कि भाजपा जनता को भ्रमित करने और झूठ फैलाने का काम कर रही है। विधायक समीर मोहंती ने गुड़ाबांधा के सुदूर इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए कहा कि भाजपा जनता को गुमराह कर रही है, जबकि हेमंत सरकार ने स्थानीय नीति, नियोजन नीति, महिला आरक्षण और किसानों के कर्ज माफी जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा झूठे आरोपों के सहारे जनादेश का अपमान कर रही है। वहीं राज्यसभा सांसद महुआ मांझी, झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य और विधायक उमाकांत रजक ने जनता से तीर-धनुष पर मतदान कर झामुमो प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।
जोबा मांझी ने चलाया जनसंपर्क अभियान
सांसद जोबा मांझी ने धालभूमगढ़ के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि जनता विकास और हक के लिए एकजुट होकर झामुमो के साथ खड़ी है।
सभा में उमड़ी भीड़ ने स्पष्ट कर दिया कि घाटशिला का जनमानस झारखंडी स्वाभिमान और विकास की राजनीति के पक्ष में है।
जनता का नारा गूंजा — “तीर चलेगा, झारखंड जीतेगा।”

