शिबू सोरेन और मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना में झामुमो कार्यकर्ताओं ने किया हवन-पूजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर रविवार को जमशेदपुर के सोनारी काली मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में झामुमो के सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।

पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ हवन
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं ने आहुति देते हुए दोनों नेताओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। हवन के बाद विशेष पूजन कर मां काली से दोनों नेताओं को जल्द स्वस्थ करने की प्रार्थना की गई।

नेताओं ने की भावुक अपील
झामुमो नेताओं ने कहा कि गुरुजी (शिबू सोरेन) झारखंड की आत्मा हैं। उन्होंने राज्य को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। उनके स्वस्थ रहने की कामना पूरे प्रदेश की जनता कर रही है। वहीं शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन भी जनसेवा में सदैव अग्रणी रहे हैं, इसलिए हम सभी उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।

सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
इस धार्मिक आयोजन में झामुमो के जिला अध्यक्ष, प्रखंड स्तरीय नेता, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और छात्र इकाई के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मंदिर परिसर में श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला।

सामूहिक प्रार्थना से गूंजा मंदिर परिसर
पूजा के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रार्थना कर गुरुजी और मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके पश्चात भोग वितरण कर प्रसाद का वितरण किया गया।

झामुमो कार्यकर्ताओं ने जताई एकजुटता
इस मौके पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि झामुमो परिवार एकजुट होकर अपने प्रिय नेताओं की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना कर रहा है। जब तक वे पूर्णतः स्वस्थ नहीं हो जाते, तब तक यह प्रार्थनाएं निरंतर जारी रहेंगी।


