दिल्ली के अपोलो में जीवन की जंग लड़ रहे रामदास सोरेन, साथी मंत्री इरफान अंसारी ने संभाली जिम्मेदारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन जी की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है।

रविवार को राज्य के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अपोलो अस्पताल पहुंचे और श्री सोरेन से मुलाकात कर उनकी तबीयत की जानकारी ली। मौके पर मौजूद डॉक्टरों की टीम से इलाज की पूरी जानकारी लेने के बाद उन्होंने सोरेन परिवार से भी भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। डॉ. अंसारी ने विशेष रूप से मंत्री सोरेन के पुत्र से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया।
जानकारी के मुताबिक, बाथरूम में फिसलकर गिरने से श्री सोरेन के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके चलते ब्रेन में ब्लड क्लॉट बन गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

डॉ. अंसारी ने कहा – “रामदास सोरेन जी हमारे सहयोगी ही नहीं, झारखंड के एक समर्पित जनसेवक हैं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं। पूरा झारखंड उनके साथ है।”
अपोलो अस्पताल की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा में उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों ने कुछ सकारात्मक संकेत भी दिए हैं। हम सभी प्रार्थना करते हैं कि श्री रामदास सोरेन जी जल्द स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय हों।


