झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का आठवां राज्य सम्मेलन 11-12 जनवरी को जमशेदपुर में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का आठवां राज्य सम्मेलन आगामी 11 एवं 12 जनवरी को भगवान बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा, जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय राज्य सम्मेलन में झारखंड राज्य के सभी जिलों एवं सभी संवर्गों के 500 से अधिक कर्मचारी भाग लेंगे।
सम्मेलन के खुला सत्र का उद्घाटन अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड सुभाष लांबा करेंगे, जबकि प्रतिनिधि सत्र का उद्घाटन राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड ए. श्रीकुमार द्वारा किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कर्ण सत्यार्थी, भा.प्र.से., उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम शामिल होंगे तथा मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कॉमरेड शशिकांत राय अपने विचार रखेंगे।
महासंघ की ओर से इस सम्मेलन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार से सभी संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, संविदा/आउटसोर्स/दैनिक वेतन भोगी व्यवस्था को समाप्त कर नियमित नियुक्ति सुनिश्चित करने, चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को वरीयता एवं योग्यता के आधार पर प्रोन्नति देने की मांग की जाएगी। साथ ही आउटसोर्स कर्मियों को समान काम के लिए समान वेतन का सिद्धांत लागू करने, PFRDA अधिनियम को रद्द कर सभी राज्यों में पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, हड़ताल के दौरान सरकार के साथ हुए समझौतों को तत्काल लागू करने, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के निजीकरण/निगमीकरण की प्रक्रिया बंद करने तथा आठवें केंद्रीय वेतन आयोग की संदर्भ शर्तों पर पुनर्विचार कर प्रत्येक पांच वर्ष में वेतन पुनरीक्षण सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त एक व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने, जिसमें नियमित, संविदा एवं आउटसोर्स कर्मियों को कैशलेस सुविधा के साथ शामिल किया जाए, तथा सभी विभागों में लंबित प्रोन्नति एवं एसीपी/एमएसीपी का लाभ तत्काल देने की भी मांग की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सितंबर 2022 में महासंघ का सातवां राज्य सम्मेलन पलास भवन, रांची में संपन्न हुआ था। सम्मेलन की सफलता के लिए स्वागत समिति का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष विश्वजीत देव, राज्य सचिव, सीटू हैं। यह जानकारी महासंघ के महामंत्री सह स्वागत मंत्री रबीन्द्र नाथ ठाकुर ने दी।

